भारतीय सेना का शेर जिसने इंदिरा गाँधी के आदेश को भी नहीं माना- फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ (पाक को धूल चटाया)
फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ ने करीब चार दशक फौज में गुजारे और इस दौरान पांच युद्ध में हिस्सा लिया। फौजी के रूप में उन्होंने अपनी शुरुआत ब्रिटिश इंडियन आर्मी से की थी। दूसरे विश्व युद्ध में भी उन्होंने हिस्सा लिया था। 1971 की जंग में उनकी बड़ी भूमिका रही। इस जंग में भारतीय फौज की जीत का खाका भी खुद मानेकशॉ ने ही खींचा था। बांग्लादेश को पाकिस्तान के चंगुल से मुक्त कराने के लिए जब 1971 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सैन्य कार्रवाई करने का मन बनाया तो तत्काल ऐसा करने से सैम ने साफ इनकार कर दिया था।
इंदिरा गांधी खुद भी बेहद तेज-तर्रार महिला प्रधानमंंत्री थीं जिन्हें कोई न करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता था, लेकिन मानेकशॉ ने इंदिरा गांधी के सामने बैठकर उन्हें इनकार कर दिया था। इस पूरे किस्से को उन्होंने एक बार इंटरव्यू में बताया था। जून 1972 में वह सेना से रिटायर हो गए थे। 3 जनवरी 1973 को सैम मानेकशॉ को भारतीय सेना का फील्ड मार्शल बनाया गया था। उनका पूरा नाम सैम होर्मूसजी फ्रेमजी जमशेद जी मानेकशॉ था। सैम ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि पूर्वी पाकिस्तान को लेकर तत्कालीन प्रधानमंत्री काफी चिंतित थीं। उन्होंने अप्रैल 27 को एक आपात बैठक बुलाई, जिसमें पूर्वी पाकिस्तान को लेकर उनकी चिंता साफ जाहिर हुई। उस बैठक में सैम भी आमंत्रित थे। प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सैम को कहा कि कुछ करना होगा। उनके पूछने पर इंदिरा गांधी ने उन्हें पूर्वी पाकिस्तान में जंग पर जाने को कहा, लेकिन सैम ने इसका विरोध किया।
उन्होंने कहा कि अभी वह इसके लिए तैयार नहीं हैं। प्रधानमंत्री को यह नागवार गुजरा और उन्होंने इसकी वजह भी पूछी। सैम ने बताया कि हमारे पास अभी न फौज एकत्रित है न ही जवानों को उस हालात में लड़ने का प्रशिक्षण है, जिसमें हम जंग को कम नुकसान के साथ जीत सकें। उन्होंने कहा कि जंग के लिए अभी माकूल समय नहीं है, लिहाजा अभी जंग नहीं होगी। इंदिरा गांधी के सामने बैठकर यह उनकी जिद की इंतहा थी। उन्होंने कहा कि अभी उन्हें जवानों को एकत्रित करने और उन्हें प्रशिक्षण देने के लिए समय चाहिए और जब जंग का समय आएगा तो वह उन्हें बता देंगे।
उनके इस बात पर प्रधानमंत्री काफी समय तक नाराज रहीं, लेकिन न चाहते हुए भी इंदिरा गांधी को उनकी बात माननी ही पड़ी। कुछ माह बाद जब फौजियों को एकत्रित करने और प्रशिक्षण देने के बाद वह उनसे मिले तो उनके पास जंग का पूरा खाका तैयार था। इस पर इंदिरा गांधी और उनके सहयोगी मंत्रियों ने सैम से जानना चाहा कि जंग कितने दिन में खत्म हो जाएगी। जवाब में सैम ने कहा कि बांग्लादेश फ्रांस जितना बडा है। एक तरफ से चलना शुरू करेंगे तो दूसरे छोर तक जाने में डेढ से दो माह लगेंगे,लेकिन जब जंग महज चौदह दिनों में खत्म हो गई तो उन्हीं मंत्रियों ने उनसे दोबारा यह सवाल किया कि उन्होंने पहले चौदह दिन क्यों नहीं बताए थे। तब सैम ने कहा कि यदि वह चौदह दिन बता देते और पंद्रह दिन हो जाते तो वहीं उनकी टांग खींचते।
उन्होंने बताया कि जब जंग अपने अंतिम दौर में थी तब उन्होंने एक सरेंडर एग्रीमेंट बनाया और उसे पूर्वी पाकिस्तान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल जगजीत सिंह अरोड़ा को फोन पर लिखवाया और कहा कि इसकी चार कापी बनाई जाएं। इसकी एक कॉपी जनरल नियाजी को दूसरी प्रधानमंत्री को तीसरी जनरल अरोड़ा को और चौथी उनके ऑफिस में रखने के लिए कहा गया था। उन्होंने बताया कि जंग खत्म होने पर जब वह लगभग नब्बे हजार से ज्यादा कि पाकिस्तानी फौजियों के साथ भारत आए तो उन्होंने पूरी पाक फौज के लिए रहने और खाने की व्यवस्था करवाई। एक वाकये का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान फौज के सरेंडर के कुछ दिन बाद वह पाक कैंप में फौजियों से मिलने गए जहां कई सूबेदार मेजर रैंक के अफसर थे। उन्होंने उनसे हाथ मिलाया और कैंप में मिल रही सुविधाओं के बारे में पूछा और उनके साथ खाना खाया।
इसी दौरान वह एक सिपाही से मिलने उसके तंबू में गए और शेकहैंड करने के लिए उसके आगे हाथ बढ़ा दिया, लेकिन उसने हाथ मिलाने से इनकार कर दिया। तब सैम ने उससे पूछा कि तुम हमसे हाथ भी नहीं मिला सकते। बाद में वह सिपाही काफी हिचका और हाथ मिलाया। वह बोला साहब मैं अब समझ गया कि आपने जीत कैसे हासिल की। हमारे अफसर जनरल नियाजी कभी हमसे इस तरह से नहीं मिले जैसे आप मिले हैं। वह हमेशा ही अपने गुरूर में रहते थे और हमें कुछ नहीं समझते थे। इतना कहकर सिपाही भावुक हो गया।
दरअसल सैम मानेकशॉ एक ऐसे अफसर थे जो अपने फौजियों को बेहद प्यार किया करते थे और उनकी हर खुशी और दुख में शरीक होते थे। फिर चाहे वह मोर्चे पर हों या कहीं और किसी से मिलने में उन्हें कोई परहेज नहीं था। इसी दम पर वह अपनी फौज में सबके चहेते थे। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने नीलगिरी की पहाड़ियों के बीच वेलिंगटन को अपना घर बनाया। अंतिम समय तक वह यहीं पर रहे। इस दौरान उनके ड्राइवर रहे कैनेडी 22 वर्षों तक उनके साथ रहे। सैम के निधन के बाद सामने आए कैनेडी ने बताया था कि हर रोज जब वह सैम को लेने के लिए घर पहुंचते थे तो वह खुद अपने साथ बिठाकर उनके लिए चाय बनाते और ब्रेड खाने को देते थे। उनकी सादगी को लेकर हर कोई सैम का दिवाना था।
total news and photo credit : www.jagran.com
भारतीय सेना का शेर जिसने इंदिरा गाँधी के आदेश को भी नहीं माना- फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ (पाक को धूल चटाया)
Reviewed by Ranjeet Kumar
on
6:43 AM
Rating:
Reviewed by Ranjeet Kumar
on
6:43 AM
Rating:






